जयप्रकाश बहुगुणा
*पुरोला /उत्तरकाशी*
“सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत के दिशा-निर्देशन एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. सी. आर्य के मार्गदर्शन में आज उप जिला चिकित्सालय पुरोला में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया तथा विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आर. सी. आर्य, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आस्था रावत, नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम भंडारी सहित अन्य चिकित्सा अधिकारियों द्वारा आमजन को विशेषज्ञ परामर्श एवं निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान कुल 327 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 31 मरीजों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), 15 मरीजों की मधुमेह की जांच, 24 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (एएनसी) जांच, 19 महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच, 75 मरीजों के अल्ट्रासाउंड, 30 मरीजों के एक्स-रे किए गए। इसके अतिरिक्त 21 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. सी. आर्य ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने जनपदवासियों से आगामी विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।