जयप्रकाश बहुगुणा
*मोरी /उत्तरकाशी*
जनपद में नशा उन्मूलन, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना मोरी पुलिस टीम द्वारा सुदूरवर्ती ग्राम देवरा में पुलिस चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
चौपाल के दौरान थानाध्यक्ष मोरी, दीपक रावत द्वारा ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पुलिस एवं आमजन के मध्य आपसी विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।
ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि ओटीपी, सीवीवी नंबर, एटीएम/डेबिट कार्ड पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक अथवा ऑनलाइन लेनदेन के प्रति सतर्क रहें तथा साइबर अथवा वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने की स्थिति में बिना विलंब किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं ।
पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन सेवाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में निर्भीक होकर पुलिस सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही युवाओं एवं अभिभावकों से नशे के विरुद्ध सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गयी।