तीन दिन बाद खुला स्याना चट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे, शुरू हुई वाहनों की आवाजाही

उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट

लगातार भूस्खलन की चुनौती के बीच स्याना चट्टी के समीप बंद पड़ा यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग तीन दिन बाद रविवार शाम यातायात के लिए खोल दिया गया। पहाड़ी से रुक-रुक कर हो रहे भूस्खलन के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण एजेंसी ने पूरी मशीनरी के साथ युद्धस्तर पर अभियान चलाकर मार्ग को बहाल किया।

रविवार सुबह से यमुनोत्री हाईवे के कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने पालीगाड़, बाढ़िया, हनुमान चट्टी, रानाचट्टी, झझर गाड़ और जंगल चट्टी सहित अन्य स्थानों पर मलबा हटाकर दोपहर तक मार्ग खोल दिया था। लेकिन स्याना चट्टी के पास लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण बहाली कार्य में बार-बार रुकावट आती रही।

कड़ी मशक्कत के बाद रविवार शाम तक स्याना चट्टी के पास मार्ग से मलबा हटाकर हाईवे को यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। उल्लेखनीय है कि स्याना चट्टी के पास यह मार्ग शुक्रवार सुबह से भूस्खलन के कारण बंद था, जिससे यमुनोत्री धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि विभाग की टीम ने पूरी मशीनरी के साथ युद्धस्तर पर कार्य करते हुए मार्ग को सुरक्षित रूप से खोल दिया है। हालांकि, संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *