उत्तराखंड Express ब्यूरो
श्रीनगर गढ़वाल
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया निरंतर सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों एवं विभागों में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए विश्वविद्यालय पहुँच रहे हैं।
प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए गठित प्रवेश समिति विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य कर रही है। प्रवेश से संबंधित सभी औपचारिकताएँ व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रवेश समिति के समन्वयक डॉ. हिरणमय रॉय ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं छात्रहितैषी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में प्रवेश कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है तथा विद्यार्थियों की सहायता के लिए समिति के सदस्य निरंतर उपलब्ध हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित तिथियों के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने तथा विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।