*भारतीय जनता पार्टी भ्र्ष्टाचारियों की ” वाशिंग मशीन ” : मल्लिकार्जुन खड़गे*

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

हल्द्वानी

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा और केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को भ्रष्टाचारियों की ‘वॉशिंग मशीन’ बताते हुए आरोप लगाया कि जिन नेताओं को भाजपा पहले भ्रष्टाचारी बताकर जेल भेजने की बात करती थी, बाद में उन्हीं नेताओं को पार्टी में शामिल कर लिया जाता है। खड़गे ने कहा कि भाजपा में पैसा बोलता है और नेताओं को वॉशिंग मशीन में डालकर साफ कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती है और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरों की भूमि भी है। कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट की देशभर में पहचान है। इसी धरती के वीर सपूतों ने देश की रक्षा में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को गर्व होना चाहिए कि वे देश की रक्षा करने वाली वीर भूमि से आते हैं। खड़गे ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि 8 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी। इसी पवित्र दिन कांग्रेस भी एक बड़े अभियान की शुरुआत कर रही है। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 के हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि आज लाखों युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार में करीब 30 लाख पद रिक्त हैं, लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो युवाओं को बिना सिफारिश और बिना पैसे के रोजगार देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर भी खड़गे ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भर्ती के समय पैसा बोलता है और इससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हित में संघर्ष करती रहेगी। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिन नेताओं को भाजपा पहले भ्रष्टाचारी बताकर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात करती थी, बाद में उन्हीं नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लेती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नेताओं को वॉशिंग मशीन में डालकर साफ कर दिया जाता है। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ लगातार लड़ती रही है और आगे भी जनता के पैसे को जनता तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। खड़गे ने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भगवान और आस्था के खिलाफ नहीं है, लेकिन आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार और चोरी को स्वीकार नहीं किया जा सकता। केदारनाथ और बदरीनाथ से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलतियां जनता के सामने रखती रहेगी और लगातार सवाल पूछती रहेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से लिए गए टैक्स के पैसे का इस्तेमाल सरकार अपने प्रचार में कर रही है। ई-20 पेट्रोल का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। महंगाई और आर्थिक परेशानियों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया। खड़गे ने उत्तराखंड में स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि स्कूल बंद होंगे और शिक्षकों की भर्ती नहीं होगी तो गरीब परिवारों के बच्चे कहां पढ़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां गरीबों के हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों के हित में काम करती रही है और सत्ता में आने पर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी। खड़गे ने उत्तराखंड की प्रतिभा और वैज्ञानिक योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने रवि टम्टा का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अपनी प्रतिभा और संसाधनों के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के लोग झुकेंगे नहीं और अगर झुकेंगे तो देश को आगे बढ़ाने के लिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास देश और युवाओं के भविष्य को लेकर स्पष्ट विजन है। सत्ता में आने पर रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया जाएगा। कांग्रेस का लक्ष्य युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान और हर परिवार को उपचार उपलब्ध कराना है। 85 वर्षीय खड़गे ने अपनी उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि वह युवाओं की तरह दौड़ नहीं सकते, लेकिन जनता का हाथ पकड़कर उसके साथ आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने लोगों से नफरत की राजनीति करने वालों को सत्ता से हटाने का आह्वान किया। मंच से उन्होंने कांग्रेस को सत्ता में लाने का नारा भी दिया और कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज सड़क से सदन तक उठाती है। उन्होंने जनता से एकजुट होकर कांग्रेस का साथ देने की अपील की और कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *