जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को पारदर्शी, सर्वस्पर्शी एवं जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “SIR शंका-समाधान-संवाद” अभियान के तहत आज जनपद मुख्यालय स्थित ऋषिराम शिक्षण संस्थान में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रशांत आर्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र द्वारा विद्यार्थियों को Electoral Literacy Messenger (निर्वाचन साक्षरता दूत) की भूमिका के संबंध में ब्रीफ किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपने परिवार, अभिभावकों एवं आस-पड़ोस के लोगों तक मतदाता सूची से संबंधित सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में एस आई आर की प्रक्रिया के संबंध में भी विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। सभी बच्चे और नागरिक अपने परिवार के सदस्यों के नाम एवं विवरणों को मतदाता सूची में ऑनलाइन अथवा निर्धारित ऑफलाइन माध्यम से जांच सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति को अपने या अपने परिवार के किसी सदस्य के नाम, आयु, पते, संबंधी के नाम अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की विसंगति दिखाई देती है, तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवश्यक सुधार/दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एस आई आर के निर्धारित शेड्यूल के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि नोटिस चरण के दौरान आम नागरिकों की शंकाओं एवं भ्रांतियों के समाधान के लिए जिलेभर में “एस आई आर शंका-समाधान-संवाद” गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस अभियान के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी , सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, स्वीप टीम तथा निर्वाचन तंत्र से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक आमजन तक पहुंचकर एस आई आर से संबंधित प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विशेष रूप से यह संदेश दिया गया कि मतदाता सूची की जांच केवल एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार और प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे स्वयं भी निर्वाचन साक्षरता के दूत बनकर अपने परिवार और समुदाय में मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचा सकते हैं। विद्यालय स्तर पर आयोजित इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें अपने परिवार एवं समाज में निर्वाचन संबंधी सही जानकारी के प्रसार का माध्यम बनाना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवारों तक एस आई आर से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाएं और अपने अभिभावकों को मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की जांच करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है तथा निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा हर स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, प्रधानाचार्य ऋषिराम शिक्षण संस्थान एस.के. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और अध्यापक उपस्थित रहे।