*सराहनीय पहल : नौगांव ब्लॉक के सुनारा गांव में महिलाओं ने वृक्षारोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प*

 

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*नौगांव /उत्तरकाशी*

ग्रामीण महिलाओं ने गांव में विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संकल्प लिया!विकासखंड नौगांव की ग्राम पंचायत सुनारा गांव में एचसीएल फाउंडेशन, इंटैक और नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देवदार, बांज, कचनार, थुनेर, भीमल, पदम, रिंगाल और तेजपत्ता समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें संरक्षित कर पेड़ बनने तक देखभाल करना भी जरूरी है। पहाड़ी क्षेत्रों में बांज और देवदार जैसे वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ जलस्रोतों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाया जा सकता है।
वक्ताओं ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। बताया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस और हरेला पर्व के अवसर पर भी इंटैक, एचसीएल फाउंडेशन एवं नमामि गंगे की ओर से संगोष्ठी और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया था।
कार्यक्रम में उपप्रधान दीपिका रमोला, वन रक्षक मंगल सिंह, इंटैक के सीनियर प्रोजेक्ट ऑफिसर ध्रुव साह व ऋतिक सिंह, फील्ड अधिकारी टीसी रमोला, केयरटेकर कौशल्या, पूर्णी देवी, मंजली, बचनी देवी, राजू देवी, विनिता, नीलम, दर्शनी और वंदना सहित अन्य लोग मौजूद रहे। महिलाओं ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *