*उत्तरकाशी : नौगांव सौली के भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*नौगांव /उत्तरकाशी*

तहसील बड़कोट के अंतर्गत नौगांव के सौली कस्बे में भू-धंसाव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार देर सायं प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने भू-धंसाव के कारण रिहायशी दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में जनसुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए इमेडिएट एक्शन प्लान लागू कर त्वरित कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिये तथा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट सहित संबंधित अधिकारियों को नौगांव सौली क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थान यथा सरकारी भवनों अथवा किराए के सुरक्षित मकानों में अस्थायी रूप से ठहराने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही आपूर्ति विभाग को प्रभावित परिवारों को सरकारी भवनों में ठहराये जाने की स्थिति में भोजन और बुनियादी आवश्यकता की सामग्री उपलब्ध कराने तथा कम्युनिटी किचन का संचालन शुरू करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त राहत उपाय के तौर पर प्रत्येक प्रभावित परिवार को सूखा राशन किट त्वरित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए दिये।

जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्र की निरंतर निगरानी रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *