*महाविद्यालय की बैठक में हुई विद्यार्थियों को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

डाकपत्थर/देहरादून

वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर में कौशल विकास एवं सेवानियोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल, रोजगार पंजीकरण तथा देश-विदेश में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
ओवरसीज इंप्लायमेंट सेल, सेलाकुई के उज्ज्वल सिंह भंडारी एवं कालसी के सेवानियोजन अधिकारी पवन कुमार ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दलीप सिंह नेगी से मुलाकात कर विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
प्राचार्य डॉ. नेगी ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के समग्र विकास के साथ ही उन्हें रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सेवानियोजन विभाग के साथ समन्वय से विद्यार्थियों को रोजगार के व्यापक अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
रिसर्च स्टडीज सेल के नोडल अधिकारी डॉ. विजय बहुगुणा ने बताया कि 31 अगस्त से पहले सेवानियोजन अधिकारी महाविद्यालय के संस्थागत विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को कौशल विकास कार्यक्रमों, रोजगार पंजीकरण की प्रक्रिया तथा देश-विदेश में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. दर्शन सिंह नेगी ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए जल्द ही कौशल एवं रोजगार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को समय रहते रोजगारोन्मुखी अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *