जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी, सर्वस्पर्शी एवं जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “विशेष गहन पुनरीक्षण शंका-समाधान-संवाद” अभियान के तहत पीएम श्री राजकीय अटल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची तथा संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और उनकी शंकाओं का समाधान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप टीम द्वारा छात्राओं के साथ एक विशेष संवादात्मक सत्र एवं प्रश्नोत्तरी गतिविधि आयोजित की गई। टीम ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने, तथा ऑनलाइन/ऑफलाइन प्रक्रियाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़ी अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया।
अभियान के तहत उपस्थित छात्राओं को ‘मतदाता जागरूकता मैसेंजर’ के रूप में तैयार किया गया। वे अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के समुदाय तक विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित सटीक एवं प्रामाणिक जानकारी पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकृत होने से न छूटे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रियंका पैन्यूली ने कहा कि जागरूक नागरिक ही एक सशक्त लोकतंत्र की नींव होते हैं। सही और प्रामाणिक जानकारी के प्रसार से मतदाता सजग बनते हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ती है।इस अवसर पर स्वीप टीम प्रभारी डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल, मनीषा सेमवाल, अरुणा सेमवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।