*चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण को लेकर एसपी उत्तरकाशी ने लिया यमुनोत्री यात्रा मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बडकोट/उत्तरकाशी*

बरसात के मौसम के उपरान्त चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण को सरल, सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक , श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग एवं यात्रा से संबंधित विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा यात्रा मार्ग के विभिन्न भूस्खलन प्रभावित, संवेदनशील स्थल, पुलिस बैरियर्स, रूट डायवर्जन प्वाइंट्स तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, यातायात व्यवस्था एवं किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

यमुनोत्री धाम यात्रा के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी पहुंचकर उनके द्वारा सीसीटीवी कंट्रोल रूम, पार्किंग, घोड़ा-खच्चर पड़ाव एवं कुली एजेंसी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के व्यवस्थित एवं सुरक्षित आवागमन के साथ-साथ घोड़ा-खच्चर एवं डंडी-कंडी के संचालन को सुव्यवस्थित रखने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होने कहा कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निरंतर सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सतर्क, संवेदनशील एवं तत्पर रहते हुए श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं मृदु व्यवहार करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

एसपी द्वारा चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई कि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें, यात्रा मार्ग पर निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप ही आवागमन करें तथा चारधाम यात्रा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, उपनिरीक्षक श्रीमती गीता, प्रभारी चौकी जानकीचट्टी राजेश कुमार, यातायात उपनिरीक्षक जितेन्द्र, रमेश आर्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *