*उत्तरकाशी : जिले में वर्षा के अलर्ट के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सतर्क,जिलाधिकारी  स्वयं आपदा कंट्रोल रूम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की निरंतर कर रहे है निगरानी*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

उत्तरकाशी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जनपद के लिए आगामी घंटों में जारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं जनपद आपदा कंट्रोल रूम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग कर रहे हैं। आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी टीमों के साथ राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ को भी अलर्ट पर रखा गया है।

जिलाधिकारी ने विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से ट्रैकिंग पर गए और बेस कैंपों में रुके ट्रैकर्स की सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए ट्रैकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए संबंधित टीमों को आपसी समन्वय से आवश्यकतानुसार रेस्क्यू अभियान चलाने के निर्देश दिये।

प्रशासन ने संभावित खतरे वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ यात्रियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। अतिवृष्टि के कारण भूस्खलन, नदियों का जलस्तर बढ़ने और सड़कें बंद होने की संभावना को देखते हुए अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की गई है। उपजिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहने तथा सड़क खोलने के लिए जेसीबी मशीन, खाद्य सामग्री, दवाइयां और वैकल्पिक संचार व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं और ट्रैकर्स एवं अन्य पर्यटकों की सुरक्षा के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग को हर्षिल में दो एंबुलेंस और स्वास्थ्य टीम तैनात रखने के साथ ही जिला अस्पताल में भी चिकित्सकीय टीम को अलर्ट मोड पर रखते हुए आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों और बरसाती नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा परिचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी:-
01374-222722
Mo-7310913129

इस दौरान सीएमओ डॉ. श्याम विजय, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, सीओ चंचल शर्मा, डीएसओ आशीष कुमार, डीडीएमओ शार्दूल गुसाई, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *