जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर राजकीय वृद्धाश्रम डुंडा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार तथा मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने प्रतिभाग कर वृद्धजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा वृद्धाश्रम में निवासरत सभी वयोवृद्धजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वृद्धजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके अनुभवों और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली तथा उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान 20 वृद्धजनों को सहायक उपकरण के रूप में छड़ी भी वितरित की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि समाज के निर्माण और विकास में वरिष्ठ नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा उनके सम्मान, गरिमा और कल्याण के लिए सभी को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वीरपुर, डुंडा, हिटाणु, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरपुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, खंड विकास अधिकारी दिनेश जोशी, खंड शिक्षा अधिकारी
हर्षा रावत, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।