जयप्रकाश बहुगुणा
**चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी*
उत्तरकाशी जिले के ग्राम पंचायत गड़थ के चोबदा तोक में सांप के काटने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय भाजपा नेता श्रीपाल चौहान और पूर्व कनिष्ठ प्रमुख उर्मिला रांगड़ ने वन विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत गड़थ के चोबदा तोक निवासी सावित्री देवी (50 वर्ष), पत्नी नागेंद्र चौहान, को बुधवार सुबह करीब सांप ने काट लिया। परिजनों द्वारा उन्हें करीब चार घंटे बाद अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत नाजुक हो चुकी थी।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. विकास राणा और फार्मासिस्ट भगवान सिंह बिष्ट ने तत्काल उपचार शुरू किया तथा महिला की ईसीजी भी कराई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सांप के काटने से महिला की मौत हो गई।
घटना की सूचना के बाद धरासू थाना पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरा जाएगा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भेजे जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।वहीं, स्थानीय भाजपा नेता श्रीपाल चौहान और पूर्व कनिष्ठ प्रमुख उर्मिला रांगड़ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वन विभाग से पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
