उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट
जंगलों में वन संपदा की सुरक्षा, वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध पेड़ों के कटान पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में अपर यमुना वन प्रभाग की रवांई रेंज के अंतर्गत शुक्रवार को नौ सदस्यीय वन गश्त टीम को लंबी दूरी की गश्त के लिए रवाना किया गया।
रवांई रेंज कार्यालय बड़कोट में रेंज अधिकारी आशीष नौटियाल ने टीम को हरी झंडी दिखाकर वन क्षेत्र के लिए रवाना किया। उन्होंने बताया कि लंबी दूरी की गश्त के दौरान टीम वन क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के वन्य पौधों, बहुमूल्य एवं विशालकाय पेड़ों तथा वन्यजीवों की स्थिति का निरीक्षण करेगी। साथ ही अवैध पातन और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि टीम वन क्षेत्रों का गहन निरीक्षण कर वन संपदा की स्थिति, संरक्षण और रखरखाव से संबंधित जानकारियां जुटाएगी। इसके अलावा किसी भी तरह की अवैध गतिविधि सामने आने पर उसकी जानकारी और विस्तृत रिपोर्ट रेंज कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
गश्त के दौरान वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में ग्रामीणों को भी वनों के महत्व, वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध कटान की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य जनसहभागिता बढ़ाकर वन संरक्षण को और प्रभावी बनाना है।
इस अवसर पर गठित नौ सदस्यीय टीम में वन दरोगा जयवीर राणा, सतीश सिंह रावत, विकास प्रजापति और अरविंद पंवार तथा वन बीट अधिकारी मनोज चमोली, अंकित राणा, संदीप उनियाल, कपिल आर्य और नरेश चौहान शामिल हैं।
