जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी में सोमवार को नवनिर्वाचित छात्रसंघ द्वारा छात्रसंघ भवन में नए कार्यकाल का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, वरिष्ठ प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण, छात्रसंघ पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं ॐ छात्र संगठन उत्तरकाशी के संस्थापक अमरीकन पुरी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में महाविद्यालय के समग्र विकास, छात्रहितों, शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही महाविद्यालय प्रशासन एवं छात्रसंघ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करने पर विचार-विमर्श किया गया। नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों द्वारा बैठक आयोजित कर महाविद्यालय के दोनों परिसरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई।
विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों एवं निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर छात्रसंघ द्वारा प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें उठाई गईं कि छात्राओं की सुविधा के लिए महाविद्यालय के दोनों परिसरों में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित की जाए। दोनों परिसरों में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं तथा नियमित सफाई एवं कचरा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। एक सप्ताह की समयावधि के पश्चात निर्धारित ड्रेस कोड अनिवार्य रूप से लागू किया जाए तथा इसके पालन को सुनिश्चित किया जाए। सभी कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त डेस्क-बेंच एवं अन्य आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराया जाए। मुख्य परिसर में डिजिटल सूचना बोर्ड स्थापित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा कार्यक्रम,समय-सारणी, नोटिस एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर मिल सकें।छात्रसंघ पदाधिकारियों ने महाविद्यालय प्रशासन से उपरोक्त मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। छात्रसंघ का कहना है कि विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।इस अवसर परअध्यक्ष अमित शाह,सचिव सरगम रावत,सहसचिव श्रुति पंवार,कोषाध्यक्ष वर्षा रावत,विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष पंवार आदि उपस्थित रहे!
