
उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
डाकपत्थर (देहरादून)।
विद्यार्थियों के अंग्रेजी संवाद कौशल को मजबूत बनाने और उनमें बोलने का आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर में SEAP (स्पोकन इंग्लिश असेसमेंट एंड प्रैक्टिस) कार्यक्रम को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को मोबाइल ऐप आधारित प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली, पंजीकरण और अभ्यास मॉड्यूल की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में SEAP की इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी एथेना के प्रतिनिधि धर्मेंद्र ने छात्र-छात्राओं को ऐप के माध्यम से अंग्रेजी बोलने का अभ्यास, उच्चारण सुधारने, शब्दावली विकसित करने और स्वयं के भाषा कौशल का आकलन करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने ऐप के स्टूडेंट और इंस्ट्रक्टर लॉगिन की जानकारी देते हुए इसके उपयोग का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों की इंस्ट्रक्टर आईडी बनाई गई, जिससे वे विद्यार्थियों का पंजीकरण कर उनकी प्रगति पर नजर रख सकेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएस नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में अंग्रेजी संवाद कौशल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के लिए महत्वपूर्ण है। ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उन्होंने प्राध्यापकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. विजय बहुगुणा ने कहा कि SEAP विद्यार्थियों को अंग्रेजी बोलने की झिझक दूर करने और अपनी क्षमता निखारने का सुलभ अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस निशुल्क मंच का लाभ उठाकर प्रतिदिन अभ्यास करने की अपील की। डॉ. राजेश कुमार और डॉ. एसपी उनियाल ने भी नियमित अभ्यास को आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास का आधार बताते हुए कार्यक्रम को उपयोगी बताया।
सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया और ऐप से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कई विद्यार्थियों ने मौके पर ही ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की। इस अवसर पर प्राध्यापकों ने कक्षाओं में अंग्रेजी संवाद गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि डिजिटल माध्यम से किए जा रहे अभ्यास को व्यवहारिक रूप दिया जा सके।
