– रवांई शरदोत्सव की पांचवी सांस्कृतिक संध्या में हजारों की संख्या में मौजूद भारी भीड़ का उत्साह देखते ही बन रहा था
– रवांई शरदोत्सव मेले के मंच पर अपने पारंपरिक रवांल्टी परिधान की प्रतिस्पर्धा में दिखे विभिन्न क्षेत्रों से आये लोग
बड़कोट (उत्तरकाशी)
रवांई शरदोत्सव बड़कोट मेले में पहले ही दिन से हर दिन एक से बढ़कर एक स्टार नाईट में लगातार हजारों की संख्या में जुट रही लोगों की मौजूद भीड़ का उत्साह देखते ही बन रहा है।
नगर पालिका बड़कोट के तत्वाधान में हेलीपैड में आयोजित सात दिवसीय रवांई शरदोत्सव सांस्कृतिक, पर्यटन विकास मेले के अंतर्गत सोमवार को पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से खूब जलवा बिखेरा। उन्होंने अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत बड़कोट में हैट्रिक भी लगाई। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से किया, जिसके बाद नाटी किंग ने अपने गानों में कि आंद जांद सिटी मारदे.., बेडु पाको बारामासा काफल पाको चैत.., ओ शिल्पा, दो पल की जिंदगी कल क्या हो क्या पता, तेरे ख़ातिर सहित दर्जनों गानों से दर्शकों को खूब नचाया।
इससे पूर्वं रवांई के लोक गायक महेंद्र सिंह चौहान ने आने गीतों में आंखी त लांदी काजलो.., रुपिन सुपीन बहन्दी नदी आपड़े भावे.. बाईं सुवा तोड़िया कु तेल की दिल मेरु तोड़िया ना ओ.., धूम धुम धूम धड़ाके धुम धुम धुम पटाखे.. आदि रंगारंग कार्यक्रमों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
वहीं मंगलवार को रवांई शरदोत्सव मेले के मंच पर पारंपरिक रवांल्टी परिधान की प्रतिस्पर्धा में विभिन्न क्षेत्रों से आये लोग पारंपरिक रवांल्टी परिधान कोट, सुंतण, टोपी में दिखाई दिए और अपनी भाषा मे अपने पारंपरिक परिधानों को संरक्षित रखने की अपील भी की। साथ ही रामसुंदर थपलियाल, बच्चन रंगीला, सुरवीर राणा, सजन राज सहित विभिन्न स्थानीय गायकों व कलाकारों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में संचालक जयनंद सेमवाल, ध्यान सिंह रावत आदि शामिल रहे।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा मेले में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही मेले में आगे भी इसी तरह सभी के सकारात्मक सहयोग की अपील की।