उत्तराखंड Express ब्यूरो / गोपेश्वर/चमोली
*पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार महोदय* की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में मासिक अपराध गोष्ठी एवं कर्मचारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। गोष्ठी में आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के संबंध में सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को कड़े व स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश :
👉 त्यौहारी सीजन को देखते हुए समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में भीड़-भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से फुट पैट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए।
👉 अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा उत्पात मचाकर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
👉 त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में सीएलजी मैम्बरों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों व गणमान्य व्यक्तियों के साथ थाना स्तर पर गोष्ठी का आयोजन करने को कहा गया। साथ ही, पूर्व में घटित साम्प्रदायिक घटनाओं का संज्ञान लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
👉 एसपी चमोली ने श्री हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के बाद, इस वर्ष की यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी/कर्मचारियों के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।
👉 मानसून के दौरान थराली व नन्दानगर क्षेत्र में आपदा के दौरान पुलिस द्वारा किए गए त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की भी विशेष रूप से सराहना की गई।
👉 मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुए चारधाम यात्रा मार्गों तथा मलबा एकत्रित हुए स्थानों के संबंध में संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर यात्रा मार्ग व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जाए, क्योंकि यात्रा के द्वितीय चरण में श्रद्धालुओं का आवागमन अधिक संख्या में जारी है।
👉 प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपनी विवेचना टीम की कार्यक्षमता का नियमित मूल्यांकन करने तथा विवेचना की गुणवत्ता और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
👉 प्रभारी फायर स्टेशन गोपेश्वर/ज्योतिर्मठ को आगामी दीपावली के दृष्टिगत विशेष सावधानी बरतने तथा भीड़-भाड़ वाले इलाकों और पटाखा बाजार क्षेत्रों में फायर टेन्डर/अग्निशमन उपकरणों को तैनात करने के निर्देश दिए गए। एसपी महोदय ने ध्यान दिलाया कि अक्टूबर माह में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है, और तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में, यात्रा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारी मानसिक और शारीरिक तौर पर पूरी तरह तैयार रहें तथा अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
गोष्ठी के दौरान विगत माह सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को एसपी चमोली द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली श्री मदन सिंह बिष्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री गिरीश बिष्ट, सहायक अभियोजन अधिकारी श्री मनमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।