उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून
माणा के पास हिमस्खलन में की चपेट में आकर लापता चल रहे 03 श्रमिकों के शव रविवार को खोज एवं बचाव दलों ने बरामद किए। 04 श्रमिकों के शव गत दिवस बरामद कर लिए गए थे। इस प्रकार अब तक कुल 07 श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं देहरादून निवासी एक व्यक्ति अभी भी लापता है।
सचिव आपदा प्रबन्धन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि लापता 01 श्रमिक की तलाश जारी है। खोज एवं बचाव दलों द्वारा उसका रेस्क्यू किए जाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ज्योतिर्मठ में मृतक श्रमिकों का पोस्टमार्टम किए जाने की कार्यवाही गतिमान है। मृतकों के शवों को उनके घर पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षित रेस्क्यू किए गए 44 श्रमिकों को ज्योतिर्मठ में सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की स्थिति सामान्य है। उनके उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है तथा उनकी जरूरतों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। गंभीर रूप से घायल दो श्रमिकों का एम्स ऋषिकेश में उपचार किया जा रहा है। एम्स ऋषिकेश प्रशासन से प्राप्त सूचना के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार है।