धराली – हर्षिल आपदा पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट, समुदाय विशेष के लोगों पर अभियोग दर्ज

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो

देहरादून:

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद स्थित धराली क्षेत्र में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में देहरादून पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अभियोग दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, अली सोहराब नामक एक व्यक्ति द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट पर धराली में बादल फटने से जुड़ी त्रासदी के चित्रों को अपलोड किया गया था। इस पोस्ट में आपदा से पहले और बाद के चित्रों को जोड़ते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

उक्त पोस्ट पर समुदाय विशेष के अन्य लोगों जैसे दानिश मलिक, अहमद अंसारी सहित कुछ अन्य व्यक्तियों द्वारा भी आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की गईं। इन टिप्पणियों से क्षेत्रीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया तथा धार्मिक आधार पर घृणा एवं वैमनस्यता फैलाने का प्रयास किया गया।

वायरल हुई इस पोस्ट को लेकर देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उप निरीक्षक (उ0नि0) विक्की टम्टा द्वारा इस संबंध में कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी गई, जिसके आधार पर अली सोहराब, दानिश मलिक, अहमद अंसारी तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा संख्या 295/25, धारा 299, 353(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया का उपयोग समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से किया जाना चाहिए, न कि किसी विशेष समुदाय या क्षेत्रीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए।

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं पर उनकी नजर है और किसी भी व्यक्ति द्वारा समाज में अशांति फैलाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर कोई भी टिप्पणी या पोस्ट करने से पहले उसकी संवेदनशीलता और सामाजिक प्रभाव को अवश्य समझें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *