उत्तराखंड Express ब्यूरो
विकासनगर/देहरादून
कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेड़ के समीप घास/ पराली से भरी एक यूटिलिटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन में सवार दो युवकों ने तत्परता दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना पर डाकपत्थर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
थाना कालसी प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया कि सहिया चौकी को सूचना मिली कि वाहन में आग लगी है। पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि चालक संजू पुत्र मुन्ना निवासी मलोग और राहुल पुत्र बज्जू निवासी जिसऊ, थाना कालसी, विकासनगर से पराली भरकर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में अचानक पीछे लदी पराली में आग लग गई। दोनों ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।