उत्तराखंड Express ब्यूरो
दिल्ली/देहरादून
केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 227 करोड़ ₹की धनराशि स्वीकृत की है, राष्ट्रीय राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा ने उपरोक्त जानकारी को अपने शोसल मिडिया एकाउन्ट पर साझा करते हुए लिखा है कि — मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि गंगोत्री धाम को जोड़ने वाले NH-34 (ऋषिकेश–उत्तरकाशी) पर अवसंरचना सुधार और भूस्खलन उपचार के लिए ₹227 करोड़ की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन परियोजनाओं के अंतर्गत जसकोट, गोजमेर, पोखु देवता और बाथेड़ी जैसे संवेदनशील भूस्खलन क्षेत्रों में उपचार कार्य कार्य हेतु ₹113.12 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। तथा ज्ञानसू से तेखला खंड का सिंगल से डबल लेन चौड़ीकरण हेतु ₹114.6 करोड़ की संशोधित राशि स्वीकृति जारी की गई है।
इससे गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद बनेगी। यह कार्य न केवल तीर्थयात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि भारत-चीन सीमावर्ती क्षेत्रों में रणनीतिक संपर्क, सड़क सुरक्षा और उत्तरकाशी में ट्रैफिक जाम से राहत सुनिश्चित करने में भी सहायक होगा।
सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा परियोजना शिवालिक के अंतर्गत इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा। देवभूमि उत्तराखंड में सुरक्षित सड़कें, सशक्त कनेक्टिविटी और समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है।