उत्तराखंड Express ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में आये दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिसमें कई लोग जान गंवा देते हैं!कहीं खराब सड़कें तो कुछ अन्य कारणों से सड़क हादसे हो रहे हैं, आज पौड़ी जनपद के सतपुली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मल्ली सतपुली में होटल हिमालय के पास गुमखाल की ओर से आ रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज 09 मार्च 2026 को थाना सतपुली को सूचना मिली कि मल्ली सतपुली क्षेत्र में होटल हिमालय के पास एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना सतपुली पुलिस और SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान टीम ने खाई में गिरे वाहन से एक व्यक्ति का शव बरामद किया, जिसकी पहचान वाहन चालक के रूप में हुई। मृतक की पहचान हरि ओम (42 वर्ष) पुत्र जगदीश सिंह, निवासी पिलखुवा, थाना पिलखुवा, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन संख्या UP 13 CT 9549 पिलखुवा से पौड़ी की ओर जा रहा था। वाहन में आयुर्वेदिक दवाइयां लदी हुई थीं और वाहन में केवल चालक ही सवार था।