*अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला से  1.5 लाख मांगने वाला युवक पुलिस ने किया  गिरफ्तार*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

कोटद्वार/पौड़ी

महिला के अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 1.5 लाख रुपये की मांग करने वाले आरोपी को कोटद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फोन पर महिला को गाली-गलौज करते हुए लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और पैसे न देने पर फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी को नोएडा से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि विनय सैनी नाम का व्यक्ति उसे लगातार फोन कर गाली-गलौज कर रहा है तथा जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी महिला के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर वायरल करने की धमकी देते हुए अभद्र टिप्पणी कर रहा था। साथ ही फोटो व वीडियो वायरल न करने के बदले आरोपी द्वारा 1.5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मु.अ.सं. 48/2026 के तहत धारा 351(2), 352, 308(4), 35(3) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में आईटी एक्ट की धारा 67 भी बढ़ाई गई।
महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सुरागसी-पतारसी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे नोएडा (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय सैनी पुत्र ओमदत्त सैनी, निवासी कुलेसरा गांव, ग्रेटर नोएडा, जिला गौतमबुद्धनगर (उ.प्र.) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल चौहान, उपनिरीक्षक शोएब अली, हेड कांस्टेबल संतोष और कांस्टेबल चंद्रपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *