उत्तराखंड Express ब्यूरो
रुद्रप्रयाग–
केदारनाथ धाम में व्यवसाय कर रहे कुछ स्थानीय युवक अपने खाली समय में केदारनाथ मन्दिर से पीछे चौराबाड़ी ग्लेशियर क्षेत्रान्तर्गत घूमने गये थे। उनके द्वारा देखा कि इस क्षेत्र में पत्थरों के बीच मनुष्य का कंकाल दिख रहा है, उनके द्वारा इस सम्बन्ध में सूचना स्थानीय पुलिस व प्रशासन को दी गयी। सूचना मिलने पर चौकी केदारनाथ से आवश्यक पुलिस बल व केदारनाथ में नियुक्त प्रशासन की टीम के सदस्य यात्रा मैनेजमेंट फोर्स सहित मौके पर पहुंचे। उक्त कंकाल के पास ही एक बैग में एक मोबाइल फोन व आई.डी. बरामद हुई। पुलिस व वाईएमएफ टीम द्वारा बरामद कंकाल को नियमानुसार कब्जे में लेकर केदारनाथ लाया गया।
निरीक्षक यात्रा केदारनाथ राजीव चौहान ने बताया कि उक्त कंकाल/शव के पास से बरामद आई.डी. के आधार पर उक्त व्यक्ति के पते व विवरण के आधार पर तेलंगाना पुलिस एवं परिजनों से सम्पर्क किया गया है। परिजनों तथा सम्बन्धित जिले की पुलिस के द्वारा बताया गया है कि इस व्यक्ति की गुमशुदगी पिछले साल अगस्त माह की 31 तारीख को दर्ज की गयी है। परिजनों द्वारा अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में दर्ज की गयी गुमशुदगी के विवरण के अनुसार उनका इससे आखिरी बार सम्पर्क 30 अगस्त 2024 को हुआ था व इसके द्वारा उनको स्वयं को उत्तराखण्ड में होना बताया गया था, जबकि उसने घर से दिल्ली तक जाना बताया था। उक्त व्यक्ति का विवरण नोमुला रोश्वन्थ पुत्र श्री नोमुला गणेश निवासी राजेश्वरोपेट विलेज, इब्राहिमपट्टनम मंडल, जिला जगतियाल, राज्य तेलंगाना के रूप में ज्ञात हुआ है। उक्त बरामद हुए मानव शव/कंकाल को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भिजवाया गया है। परिजनों व सम्बन्धित क्षेत्र की पुलिस के पहुंचने पर शव/कंकाल सुपुर्दगी की कार्यवाही की जायेगी।