जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
जिला निर्वाचन अधिकारी (प.) प्रशांत आर्य ने गुरुवार को जिला मुख्यालय के पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में चल रहे पंचायत चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर जायजा लिया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण के स्तर और गुणवत्ता को जांचा एवं निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में सभी जानकारियां प्राप्त कर ली जांय और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से अनुपालन किया जाय।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से प्रशिक्षण सामग्री व चुनाव प्रक्रिया से संबंधित नियमों, पपत्रो और चुनाव संचालन के संबंध में विस्तार से जानकारी ली तथा कहा कि सभी अधिकारी चुनाव ड्यूटी का गंभीरता और निष्पक्षता से निर्वहन करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा, “पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव होते हैं, और इसमें मतदान कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक मतदान केन्द्रों पर तय समय पर पहॅुचकर सौंपे गये दायित्वों का नियमानुसार पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से संपादन सुनिश्चित करे और सभी कार्मिक यह भी सुनिश्चित करें कि चुनाव संबंधित प्रक्रियाओं से पूरी तरह परिचित हों और अगर किसी भी प्रकार की विसंगति को तुरंत उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाएं।”
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी इंतेज़ाम समय से सुनिश्चित कर लिए जाए। इस दौरान प्रशिक्षण दे रहे अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि चुनाव में लगे सभी कार्मिकों को मतदान से लेकर मतगणना तक दिए जाने वाले प्रशिक्षण में कोई कमी न रहे और सभी कार्मिकों के संदेहों का निवारण संतोषजनक ढंग से किया जाए।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, प्रभारी प्रधानाचार्य राईका केपीएस भंडारी, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा मनदीप कुंवर सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे!