जयप्रकाश बहुगुणा
पुरोला/उत्तरकाशी
गांव के पास ही घास काट रही महिला पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया!प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है!उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कुमोला क्षेत्र के ग्राम पूजेली में रविवार की सुबह को गुलदार के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी पत्नी चन्द्र मोहन नौड़ियाल, निवासी ग्राम पूजेली, सुबह के समय अपने घर के समीप स्थित बगीचे में घास काट रही थीं, तभी घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया।
गनीमत रही कि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने समय रहते शोरगुल मचाया, जिससे गुलदार महिला को घायल कर मौके से भाग खड़ा हुआ। घायल अवस्था में उर्मिला देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला लाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, खासकर महिलाओं व बच्चों में जंगल जाने को लेकर भय व्याप्त है।
स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्यवाही कर गुलदार को पकड़ने और घायल महिला को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।