जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
तीन सप्ताह पूर्व लापता हुए दो बकरी पालकों में से एसडीआरएफ ने एक का शव बरामद कर लिया है!जिसका परिजनों की सहमति से दाह संस्कार कर दिया गया है!प्राप्त जानकारी के अनुसार 06 जुलाई 2025 को थाना हर्षिल से एसडीआरएफ पोस्ट गंगोत्री को सूचना प्राप्त हुई कि क्यारकोटी नामक स्थान पर दो बकरीपालक लापता हैं। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ टीम उपनिरीक्षक पुष्कर जीना के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर लगातार गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया किन्तु उक्त व्यक्तियों का कुछ पता नहीं चल पाया। दिनांक 22 जुलाई 2025 को समय लगभग ढाई बजे थाना हर्षिल द्वारा पुनः एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई कि पूर्व में लापता भेड़पालक का शव क्यार कोटि में नदी किनारे दिखाई दे रहा है। इस सूचना पर एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर उक्त व्यक्ति के शव को बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान सोहन कुमार पुत्र श्री प्रमोद कुमार, ग्राम डोडरा, पोस्ट आफिस डोडरा, जिला शिमला के रूप में हुई। शव को आज शुक्रवार को घटनास्थल से काफी कठिन परिस्थितियों में बेस कैंप तक लाया गया। परिजनों की सहमति से क्यार कोटि बेस कैंप में ही मृतक का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें एसडीआरएफ टीम व जिला पुलिस द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।