जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग देहरादून द्वारा दिनांक 03 अगस्त 2025 को आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) तथा आरक्षी आईआरबी/पीएससी (पुरुष) के पदों पर चयन हेतु लिखित प्रतियोगी परीक्षा जनपद उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी क्षेत्रान्तर्गत 08 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जानी प्रस्तावित है। जिसे देखते हुए उप जिला मजिस्ट्रेट, भटवाड़ी शालिनी नेगी द्वारा बीएनएसएस की धारा-163 के तहत इन परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर परिधि के अन्तर्गत दिनांक 03 अगस्त, 2025 (रविवार) को परीक्षा समाप्ति तक निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया गया है।
उक्त आदेशानुसार 03 अगस्त, 2025 (रविवार) को पूर्वाह्न 11.00 बजे से अपराह्न 01.00 बजे के मध्य प्रस्तावित उक्त परीक्षा के लिए आद्य शंकराचार्य शिक्षण संस्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल निम रोड जोशीयाडा उत्तरकाशी, अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज उत्तरकाशी, बाबू नंद किशोर बाजोरिया आद्यशंकराचार्य शिक्षण संस्थान कोटबंगला उत्तरकाशी, गोस्वामी गणेशदत्त सरस्वती विद्या मंदिर नियर कोर्ट रोड उत्तरकाशी, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज उत्तरकाशी, मसीह दिलासा स्कूल तिलोथ उत्तरकाशी, ऋषिराम शिक्षण संस्थान जोशियाडा (मनेरा) उत्तरकाशी, एस.एम.एम.जी इंटर कॉलेज उत्तरकाशी को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
आदेशानुसार इन सभी परीक्षा केन्द्रों की 200 मीटर परिधि अन्तर्गत दिनांक 03 अगस्त, 2025 (रविवार) को परीक्षा समाप्ति तक कोई भी व्यक्ति लाठी डण्डा, चाकू, भाला आदि किसी भी प्रकार का धारदार हथियार अथवा आग्नेय शस्त्र लेकर परीक्षा केंद्रों के सीमान्तर्गत प्रवेश नहीं कर सकेगा। निर्धारित क्षेत्रों में 05 या 05 से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्णतया प्रतिबंध होगा तथा जनसभा, जुलूस, रैली एवं सार्वजनिक बैठक, नारेबाजी और ध्वनि विस्तारक यन्त्रों आदि के प्रयोग पर भी पाबंदी रहेगी। निर्धारित सीमा के भीतर कोई भी व्यक्ति ज्वलनशील पदार्थ, हथियार तथा ऐसी कोई सामग्री का परिवहन करने व रखने पर प्रतिबन्ध होगा। जिससे मानव जीवन अथवा सार्वजनिक सम्पत्तियों को क्षति पहुँचायी जाती है, कोई भी व्यक्ति उक्त वर्णित सीमान्तर्गत ऐसी कोई सामग्री अपने पास लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा अथवा ऐसी कोई गतिविधि नहीं करेगा, जिससे शान्ति एवं कानून व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव पड़ता हो। आदेशानुसार निषेधाज्ञा का उल्लंघन धारा-223 बी.न.एस. के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध होगा।