जयप्रकाश बहुगुणा
बड़कोट/ उत्तरकाशी
वन विभाग की टीम ने अवैध देवदार का परिवहन कर रहे एक वाहन को जब्त किया है, जबकि वाहन चालक अँधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीम दबिस दे रही है!
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर यमुना प्रभाग बड़कोट में प्रभागीय वनाधिकारी रविंद्र पुंडीर के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार रात्रि को लगभग 8:30 बजे वन विभाग की रात्रि गश्त टीम द्वारा संदिग्ध वाहन संख्या यू के 07 टी बी 4380 को बड़कोट पोंटी मोटर मार्ग पर पोंटी पुल के निकट रोका गया तो वाहन चालक वाहन को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया, वन विभाग के टीम द्वारा वाहन की चेकिंग की गई तो वाहन में विभिन्न नाप के देवदार के अवैध प्रकाष्ठ मिले, उक्त वाहन एवं प्रकाष्ठ को विभागीय कब्जे में ले लिया गया है।
वनक्षेत्राधिकारी शेखर सिंह राणा ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में विधिक कार्यवाही की जाएगी। तथा वाहन चालक को गिरफ्तार करने के लिए विभागीय टीम दबिस दे रही है!