जयप्रकाश बहुगुणा
चिन्यालीसौड़
सोमवार को सेवा पर्व के अवसर पर “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत” सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में वृहद विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ दर्जधारी राज्यमंत्री उत्तराखंड सरकार रामसुंदर नौटियाल, ब्लॉक प्रमुख रणवीर महंत एवं नगरपालिका अध्यक्ष मनोज कोहली की गरिमामय उपस्थित में किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एस रावत, समाज कल्याण अधिकारी श्री सुधीर जोशी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ विनोद कुकरेती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एन एच एम हरदेव राणा, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अनुज नौटियाल, ज्ञानेंद्र पंवार, सीमा अग्रवाल, बलवंत राणा आदि उपस्थित रहे।
शिविर में दून मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 437 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई जिनमें से 14 महिलाओं की ए एन सी जांच, 96 लोगो की हीमोग्लोबिन जांच,
85 लोगों की उच्च रक्तचाप, 85 लोगों की शुगर स्क्रीनिंग जबकि 76 लोगों की टी बी जांच की गई एवं 35 लोगों द्वारा रक्तदान हेतु पंजीकरण कराया गया। शिविर में जांच के साथ उपचार, स्वास्थ्य परामर्श एवं निशुल्क दवाईयां वितरित की गई। किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 40 किशोरियों को काउंसलिंग के साथ – साथ सेनेटरी नेपकिन भी निःशुल्क वितरित किए गए।
ब्लॉक प्रमुख द्वारा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत निक्षय मित्र बनकर 10 टी बी के मरीजों को गोद लिया गया
शिविर में समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 59 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने पहुँचकर स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ उठाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा बताया गया कि उक्त पखवाड़े के तहत आज चिन्यालीसौड़ में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन हो रहा है इसके अलावा जनपद के सभी चिकित्सा इकाइयों में नियमित रूप से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त चिकित्सा स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनपद के सभी ब्लॉक के आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी कड़ी में कल मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में वृहद विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।