जनपद स्तरीय गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता में जीआईसी गुंदियाट गांव के ईशांत कुमार बने टॉपर

उत्तराखंड एक्सप्रेस

बड़कोट (उत्तरकाशी) 

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बड़कोट (उत्तरकाशी) में जनपद स्तरीय गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता में जीआईसी गुंदियाट गांव के ईशांत कुमार टॉपर बने। इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के राजकीय विद्यालयों से चयनित प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

डायट बड़कोट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य संजीव जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों को इस तरह के आयोजन में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग करने हेतु प्रेरित किया गया और कहा गया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ गणित विषय के प्रति रुचि जागृत करती है तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए छात्र-छात्राओं को तैयार करती हैं। जिसके बाद कार्यक्रम समन्वयक बबीता सजवाण ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं नियमों की जानकारी दी। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की तार्किक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता, गणितीय कौशल तथा समस्या समाधान योग्यता का मूल्यांकन किया गया।

इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ईशांत कुमार अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गुंदियाट गांव विकासखंड पुरोला, द्वितीय स्थान केशव चंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नगाणगांव विकासखंड नौगांव एवं तृतीय स्थान कुमारी आभा राजकीय जूनियर हाईस्कूल मानपुर विकासखंड भटवाड़ी ने प्राप्त किया गया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में गोपाल सिंह राणा, सुशील चंद्र जोशी, रिचा उनियाल एवं टीकाराम सिंह रावत शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य एवं कार्यक्रम समन्वयक द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किये गए। इस दौरान संस्थान के संकाय सदस्य हेमू बिष्ट, डॉ.सुबोध सिंह बिष्ट एवं संगीता रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *