जयप्रकाश बहुगुणा
*बड़कोट/उत्तरकाशी*
बड़कोट तहसील के बसराली गांव में शनिवार देर रात को एक आवासीय भवन के अंदर अचानक आग लगने से घर के अंदर रखा लाखों रूपये का सामान जलकर खाक हो गया!प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़कोट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बसराली गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जसपाल सिंह राणा के आवास में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
आग की चपेट में आने से घर के भीतर मौजूद रजाई-गद्दे, कपड़े, जरूरी घरेलू सामान सहित सोना-चांदी भी पूरी तरह नष्ट हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
जैसे ही आग लगने की सूचना आसपास के ग्रामीणों को मिली, गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने में मदद की। ग्रामीणों की सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से आग को और फैलने से रोका जा सका।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित जसपाल सिंह राणा ने बड़कोट तहसील प्रशासन को सूचना दी और प्रशासन से आर्थिक सहायता व उचित मुआवजे की मांग की है। घटना के बारे में उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी ने बताया की नायब तहसीलदार को राजस्व टीम के साथ मौके पर भेजा गया है, जाँच के बाद प्रभावित परिवार को सहायता देने की कार्यवाही की जाएगी!