जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
गंगोत्री विधानसभा के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने आज नगरपालिका परिषद बाड़ाहाट के निकाय चुनाव के तहत वार्ड संख्या 01, गंगोरी क्षेत्र में प्रचार अभियान की अगुवाई की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी किशोर भट्ट के समर्थन में जनता से संवाद किया और उनके पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
प्रचार अभियान के दौरान विजयपाल सजवाण ने गंगोरी क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि आंतरिक सीवर लाइन और बाढ़ सुरक्षा कार्य यहां के निवासियों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी किशोर भट्ट, अध्यक्ष बनने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से अपने सीधे संपर्क के माध्यम से विकास कार्यों की स्वीकृति में आने वाली रुकावटों को दूर करेंगे। उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि किशोर भट्ट के नेतृत्व में गंगोरी क्षेत्र में सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
सजवाण ने कहा, “गंगोरी क्षेत्र में वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान भाजपा के मजबूत संगठन और सक्षम नेतृत्व के माध्यम से संभव होगा। भाजपा प्रत्याशी किशोर भट्ट का विजन स्पष्ट है और उनका उद्देश्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना है।”
संगठनात्मक रणनीति के तहत नगरपालिका क्षेत्र को प्रचार अभियान के लिए चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। विजयपाल सजवाण ने प्रथम चरण में गंगोरी क्षेत्र से अभियान की शुरुआत करते हुए जोरदार जीत का उद्घोष किया। उन्होंने जनता से अपील की कि विकास और परिवर्तन के लिए भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दें और किशोर भट्ट के पक्ष में अपना कीमती वोट डालें।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष बुद्धि सिंह पंवार, मुरारीलाल भट्ट, पूर्व जिलापंचायत अध्यक्ष नत्थीलाल शाह, भाजपा महामंत्री नागेंद्र चौहान, हरीश डंगवाल, निवर्तमान सभाषद देवेंद्र चौहान, विमला नौटियाल, चंद्रा नेगी, कमल सिंह राणा, विजयपाल मखलोगा, कुशाल नेगी, राजपाल चौहान सहित सभाषद प्रत्याशी सावित्री मखलोगा उपस्थित रही।