जयप्रकाश बहुगुणा
चिन्यालीसौड़/उत्तरकाशी
नव नियुक्त दर्जाधारी राज्यमंत्री स्तर रामसुंदर नौटियाल का आज गृह जनपद पहुंचने पर चिन्यालीसौड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। राज्य सरकार की ओर से भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नामित किए जाने और पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र चिन्यालीसौड़ पहुंचे रामसुंदर नौटियाल के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर स्वागत समारोह का आयोजन किया।
शुक्रवार को भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष राज्यमंत्री स्तर बनाए जाने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र चिन्यालीसौड़ पहुंचने पर रामसुंदर नौटियाल का स्थानीय निवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। शुक्रवार सुबह 11 बजे चिन्यालीसौड़ के प्रवेशद्वार पीपलमंडी पहुंचे रामसुंदर नौटियाल के स्वागत में यमुनोत्री विधानसभा के अलग अलग हिस्सों से आए सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं समेत चिन्यालीसौड़ और निकटवर्ती ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या स्थानीय निवासी पहुंचे थे। पीपलमंडी पहुंचने पर लोगों ने रामसुंदर नौटियाल का फूल मालाओं से स्वागत किया। उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधे पर उठाकर पीपलमंडी से चिन्यालीसौड़ बाजार तक रैली निकाली। इसके उपरांत चिन्यालीसौड़ बाजार में आयोजित स्वागत समारोह कार्यक्रम में यमुनोत्री विधानसभा के भाजपा नेताओं ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामसुंदर नौटियाल को सरकार में दायित्व देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का आभार जताया। वहीं, स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए रामसुंदर नौटियाल ने कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा में पिछले चार दशकों से एक साधारण कार्यकर्ता की तरह पार्टी की तरफ से मिली हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा किया और पार्टी ने भी समय समय पर मुझे मेरे समर्पण और निष्ठा का सम्मान भी दिया है। नौटियाल ने कहा कि भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण जैसे महत्वपूर्ण उपक्रम की जिम्मेदारी मुझे देने के लिए मैं राज्य सरकार का विशेष आभारी हूं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी पंचायत चुनावों के लिए पार्टी के लिए समर्पित होकर काम करने के साथ ही पार्टी संगठन को विस्तार देने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच हर व्यक्ति तक सुनिश्चित करवाने के लिए काम करते रहने का आह्वान किया। इस दौरान राज्यमंत्री रामसुंदर नौटियाल ने पार्टी के सबसे वरिष्ठ बुजुर्ग किशोर सिंह कुंमाई को सम्मानित कर उनका आर्शीवाद लिया।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष चिन्यालीसौड़ मनोज कोहली, मंडल अध्यक्ष नगर मनीष कुकरेती, मंडल अध्यक्ष ग्रामीण लक्ष्णम चौहान, ब्रह्मखाल मंडल अध्यक्ष आलेंद्र भंडारी, कालिंदी मंडल अध्यक्ष प्रवीण असवाल, डुंडा प्रमुख प्रशासक शैलेंद्र कोहली, भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी गिरीश भट्ट, कुलानंद नौटियाल, नत्थी लाल बंगवाल, सुभाष नौटियाल, शीशपाल रमोला, पूर्व प्रमुख रजनी कोटवाल, दक्ष नौटियाल समेत अन्य मौजूद रहे।