जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा 29 जून, 2025 को अपराह्न जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 29 एवं 30 जून, 2025 को उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी,रुद्रप्रयाग,टिहरी,पौड़ी,हरिद्वार,नैनीताल, चंपावत तथा ऊधमसिंह नगर जनपदों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा एवं तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर की संभावना व्यक्त की गई है (रेड अलर्ट) जारी किया है।इसके अतिरिक्त राज्य के शेष जनपदों में भी कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा तीव्र से अती तीव्र वर्षा के दौर की संभावना है (ऑरेंज अलर्ट)जारी किया है। 01 एवं 02 जुलाई, 2025 को पूरे राज्य में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान है (ऑरेंज अलर्ट) जबकि 03 जुलाई, 2025 को बागेश्वर, रुद्रप्रयाग एवं नैनीताल जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है (ऑरेंज अलर्ट) जारी किया है।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण प्रशांत आर्य ने आईआरएस प्रणाली से जुड़े सभी अधिकारियों को उच्च सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सभी अधिकारियों को प्रत्येक स्तर पर तत्परता एवं सुरक्षा के साथ आवागमन पर नियंत्रण रखने, तथा किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत स्थलीय कार्यवाही एवं सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
संबंधित विभागों एनएच,पीडब्ल्यूडी,पीएमजीएसवाई, बीआरओ आदि को मोटर मार्गों के बाधित होने की दशा में तत्काल मार्गों को खोलने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। सभी राजस्व उपनिरीक्षक,ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में सतत् उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। समस्त पुलिस चौकियां एवं थाने आपदा संबंधी उपकरणों एवं वायरलेस सेट सहित हाई अलर्ट पर रहेंगे।अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मोबाइल/फोन बंद नहीं रहेंगे। सभी को बरसाती,छाता,टॉर्च,हेलमेट तथा आवश्यक उपकरण व सामग्री अपने वाहनों में रखने के निर्देश दिए हैं।
किसी भी आपात स्थिति में फंसे लोगों के लिए खाद्य सामग्री एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों में विशेष सावधानी बरती जाए।भारी वर्षा एवं असामान्य मौसम की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। भू-स्खलन संभावित क्षेत्रों में उपकरणों की पूर्व तैयारी एवं तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
सहायता एवं आपात स्थिति हेतु आवश्यक दूरभाष नम्बर- 01374-222126, 222722,(टोल-फ्री नंबर 1077) मोबाइल नम्बर-7500337269,वॉटस्एप नम्बर-9456556431,पुलिस कन्ट्रोल रूम उत्तरकाशी।दूरभाष नम्बर- 112, 9411112976, 8868815266 पर सम्पर्क किया जा सकता है।