
जयप्रकाश बहुगुणा
देहरादून
स्व.साईं दास तलवाड़ जी की 35 वीं पुण्य तिथि पर साईं सृजन पटल कार्यालय में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनके ज्येष्ठ पुत्र सेवानिवृत्त प्राचार्य व साईं सृजन पटल के संयोजक प्रो.के.एल.तलवाड़ ने उन्हें स्मरण करते हुए बताया कि उन्हें मरणोपरांत श्री आदर्श रामलीला समिति(रजि.) द्वारा ‘उत्तरकाशी गौरव सम्मान-2017’ प्रदान किया गया था। वे वर्ष 1952 से लगातार 25 वर्षों तक समिति के व्यवस्थापक व कोषाध्यक्ष रहे थे। उत्तरकाशी में आयोजित होने वाले सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों में वह बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। 18 जुलाई 1990 को उत्तरकाशी में 70 वर्ष की उम्र में उनका स्वर्गवास हुआ। उनकी स्मृति में प्रो. तलवाड़ विभिन्न महाविद्यालयों में मेधावी विद्यार्थियों को नकद छात्रवृत्ति, मेडल और प्रशस्तिपत्र देते आये हैं। उन्हीं के नाम से जोगीवाला देहरादून में निर्मित ‘साईं कुटीर’ में ‘साईं सृजन पटल’ की स्थापना अगस्त 2024 में की गई। यहीं से ‘साईं सृजन पटल’ मासिक पत्रिका का निरंतर प्रकाशन ‘उत्तराखंड में लेखन और सृजन के लिए सदैव प्रतिबद्ध’ सिद्धांत वाक्य के साथ हो रहा है।पत्रिका के अब तक 11 अंक प्रकाशित हो चुके हैं और 12 वां अंक एक विशेषांक के रूप में 31 जुलाई को प्रकाशित होगा। पटल के स्थापना दिवस के मौके पर 9 अगस्त को पत्रिका से जुड़े लेखकों को ‘लेखक श्री सम्मान’ प्रदान किये जायेंगे। संपादकीय टीम के सदस्यों को भी ‘सम्मान चिन्ह’ भेंट किये जायेंगे। पत्रिका के उप संपादक अंकित तिवारी,सह संपादक अमन तलवाड़,लेखिका श्रीमती नीलम तलवाड़ व इंसाइडी क्रियेटिव मीडिया के सीईओ अक्षत तलवाड़ ने पुण्य तिथि पर उनका भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर साईं कुटीर ने जरूरतमंद लोगों को छाते भेंट किये।