
जयप्रकाश बहुगुणा
*चिन्यालीसौड़/उत्तरकाशी*
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के तहत शनिवार को चिन्यालीसौड़ विकासखंड की न्याय पंचायत चमियारी में उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण किया गया और विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी के समक्ष 33 शिकायतें प्रस्तुत की, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेशों एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशानुसार आम जनता को सभी योजनाओं का लाभ पहुँचाने और स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जा रहे हैं।
शिविर में ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत प्रमुख शिकायतों में लोनिवि से पीएमजीएसवाई को हस्तांतरित जसपुर मोटर मार्ग के निर्माण की शिकायत प्रस्तुत की जिसमें निर्माण कार्य का सही ढंग से न होने की शिकायत की गई। 06 किमी लंबे चमियारी–उल्लण मोटर मार्ग के निर्माण कार्य में देरी की शिकायत भी ग्रामीणों द्वारा रखी। ग्राम रोतक के उपकेंद्र फार्मासिस्ट की नियुक्ति के संबंध में शिकायत दर्ज हुई।
बहुउदेशीय शिविर में चिकित्सा विभाग द्वारा 40 व आयुष विभाग द्वारा 70 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाई वितरित की। पशुपालन विभाग द्वारा 52 लोगो को पशु चिकित्सा दवाई वितरित की व 85 लोगो को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। राजस्व विभाग ने आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र जारी किए। कृषि विभाग द्वारा 70 व्यक्तियों को विभागीय जानकारी प्रदान के कृषि रसायन वितरित किए और उद्यान विभाग द्वारा 30 लाभार्थियों को 03 किग्रा सब्जी बीज व रसायन वितरित किए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग पेंशन, वृद्धा पेंशन से संबंधित 6 मामलों का निस्तारण किया। जिला पूर्ति विभाग ने 08 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी करवाई। इसके अतिरिक्त पंचायती राज विभाग ने 15 व ग्राम्य विकास ने 12 लोगो को विभागीय जानकारी उपलब्ध कराई। उर्जा विभाग द्वारा घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी के संबंध में जानकारी दी। डेयरी विभाग द्वारा एनसीडीसी योजना, बछिया पालन योजना, दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना की जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर में दर्जा राज्यमंत्री गीता राम गौड़, राम सुंदर नौटियाल,उपाध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणवीर सिंह महंत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश चन्द रमोला, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह चौहान, समन्वयक शीशपाल रमोला, सुभाष नौटियाल, जिला पंचायत सदस्य शिवराज सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान चमियारी जमुना देवी सहित अन्य ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों सहित, खंड विकास अधिकारी प्रकाश पंवार, न्याय पंचायत नोडल अधिकारी बबीता बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि व ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।