*उत्तरकाशी : यूपीएससी परीक्षा में जनपद की रंवाई घाटी के दो युवाओं ने सफलता हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान, आमजन दे रहें हैं बधाई व शुभकामनायें*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के घोषित परिणाम में उत्तराखंड के युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।जनपद उत्तरकाशी के दो होनहार युवाओं ऋषभ नौटियाल और आशुतोष नौटियाल ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
जनपद उत्तरकाशी के ऋषभ नौटियाल, पुत्र ललिता नौटियाल एवं त्रयंबक नौटियाल, निवासी ग्राम सुनाली, पुरोला, ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।इसी प्रकार आशुतोष नौटियाल, पुत्र लक्ष्मण नौटियाल, निवासी ग्राम गुलाड़ी बनाल, ने भी कठिन परिश्रम और लगन के बल पर इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है।दोनों युवाओं की उपलब्धि पर उनके गांवों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।ऋषभ नौटियाल और आशुतोष नौटियाल की सफलता को उत्तरकाशी जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद पहाड़ के युवाओं ने यह साबित किया है कि मेहनत और संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।दोनों सफल अभ्यर्थियों को उनके माता-पिता, परिवारजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों से लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं। पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, लेखक साहित्यकार चन्द्रभूषण बिज्लवाण सहित क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इन युवाओं की सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे उत्तरकाशी और उत्तराखंड का गौरव बढ़ा है।लोगों ने आशा जताई कि इन होनहार युवाओं की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा का कार्य करेगी तथा भविष्य में और भी युवा सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *