*उत्तरकाशी : वनाग्नि रोकथाम व नियंत्रण के लिए अग्रिम पंक्ति के क्षेत्रीय वन कर्मचारियों के कौशल वर्धन करने को किया गया कार्यशाला का आयोजन*

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

अपर यमुना वन प्रभाग, बडकोट अन्तर्गत वर्तमान में गतिमान वनाग्निकाल 2026 में वनाग्नि घटनाओं की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु अग्रिम पंक्ति के क्षेत्रीय वन कर्मचारियों के कौशल वर्धन करने के उद्देश्य से गुरुवार को वन चेतना केन्द्र बडकोट में प्रभाग स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता रविन्द्र पुण्डीर प्रभागीय वनाधिकारी, अपर यमुना वन प्रभाग बडकोट द्वारा की गयी। कार्यशाला अन्तर्गत प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा वनाग्नि सुरक्षा एवं नियंत्रण हेतु क्रू स्टेशन, बेस स्टेशन को प्रभावी रूप से सक्रीय रखने एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने हेतु निर्देश दिये गये। कार्यशाला अन्तर्गत साधू लाल उप प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा ग्राम स्तर पर वनाग्नि के दुष्प्रभाव एवं वनाग्नि से सम्बन्धी वैधानिक कार्यवाही के सम्बन्ध में वृहद् स्तर पर जनजागरूकता फैलाने हेतु क्षेत्रीय वन कर्मचारियों को प्रेरित किया गया। कार्यशाला में आशीष नौटियाल वन क्षेत्राधिकारी कुथनौर रेंज एवं शेखर राणा वन क्षेत्राधिकारी रवांई रेंज द्वारा वनाग्निकाल अन्तर्गत वनाग्नि घटना होने की स्थिति में रिस्पोन्स टाईम कम करने एवं वनाग्नि सुरक्षा की प्रभावी रणनीति पर विस्तार पूर्वक विचार रखे गये तथा वनाग्नि नियंत्रण में ग्रामीणों,वन पंचायत,ग्राम पंचायत का आवश्यक सहयोग लेने हेतु क्षेत्रीय वन कर्मियों से अपील की गयी। कार्यशाला अन्तर्गत उपस्थित विभिन्न वन दरोगा एवं वन आरक्षियों द्वारा विगत वर्षों में वनाग्नि नियंत्रण में हुई व्यवहारिक समस्याओं के सम्बन्ध में अपने विचार रखे गये। कार्यशाला में प्रभाग की समस्त रेंजों के क्षेत्रीय वन कर्मचारी एवं प्रभाग कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *