यमुनोत्री विधानसभा में सड़क डामरीकरण को बड़ी सौगात, 4 करोड़ 58 लाख 82 हजार रुपये स्वीकृत

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

उत्तरकाशी /देहरादून

यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से खराब हालत में चल रहे मोटर मार्गों के डामरीकरण के लिए बड़ी सौगात मिली है। भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) रामसुन्दर नौटियाल के अनुरोध और प्रयासों पर क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के डामरीकरण के लिए कुल 4 करोड़ 58 लाख 82 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।रामसुंदर नौटियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व लोक निर्माण मंत्री का आभार ब्यक्त किया है!
राज्य मंत्री रामसुन्दर नौटियाल ने लंबे समय से क्षेत्र की खराब सड़कों को देखते हुए सरकार से इन मोटर मार्गों के डामरीकरण की मांग की थी। उनके अनुरोध पर इन सड़कों के लिए बजट स्वीकृत किया गया और अब इन सभी कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, जिससे जल्द ही सड़कों पर डामरीकरण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में बड़ेथी–बनचौरा–बद्रीगाड़ मोटर मार्ग के लिए 1 करोड़ 57 लाख रुपये, सिलक्यारा–बनगांव–चापड़ा–सरोट मोटर मार्ग के लिए 78 लाख 54 हजार रुपये, देवीसौड़–मल्ली–जोगथ मोटर मार्ग के लिए 97 लाख 46 हजार रुपये तथा ब्रह्मखाल–जुणंगा–कुमारकोट मोटर मार्ग के लिए 62 लाख 83 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इन सड़कों के डामरीकरण से यमुनोत्री विधानसभा के कई गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। क्षेत्रीय लोगों ने इसके लिए राज्य मंत्री रामसुन्दर नौटियाल का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *