10 मई को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर खुलेंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

– मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ स्थित यमुना मंदिर में यमुना जयंती के शुभ अवसर पर तय किया गया यमुनोत्री धाम के कपाट खोलने का शुभ मुहूर्त

उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो

उत्तरकाशी

विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट इस बार अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शुक्रवार 10 मई को सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। जिसके बाद श्रद्धालु ग्रीष्म काल में 6 माह तक मां यमुना के दर्शन यमुनोत्री धाम में कर सकेंगे।

रविवार को यमुना जयंती के पावन पर्व पर मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) यमुना मंदिर में श्री यमुनोत्री मंदिर समिति एवं तीर्थ पुरोहित महासभा द्वारा यमुनोत्री धाम के कपाट खोलने का शुभ मुहूर्त तय किया गया। पंचांग गणना के अनुसार तय किए गए मुहूर्त की घोषणा करते हुए यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया है कि यमुनोत्री धाम के कपाट वैशाख शुक्ल अक्षय तृतीया के पर्व पर शुक्रवार 10 मई 2024 को रोहिणी नक्षत्र कर्क लग्न की पावन बेला पर पूर्वाह्न 10 बजकर 29 मिनट पर विधिवत पूजा अर्चना के बाद मां यमुना के कपाट दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसी दिन प्रातः 6 बजकर 29 मिनट पर मां यमुना की उत्सव डोली शनिदेव महाराज की डोली की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास खुशीमठ से यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी।

इसके बाद यमुनोत्री धाम पहुंचकर विद्वत हवन पूजा अर्चना के साथ कपाट खोले जाएंगे और विधिवत यमुनोत्री धाम की यात्रा भी प्रारंभ हो जाएगी। कपाट खुलने के बाद ग्रीष्मकल में 6 माह तक मां यमुना के दर्शन यमुनोत्री धाम में होंगे, इसके 6 महीने बाद भैया दूज को यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *