उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
डामटा (उत्तरकाशी)।
यमुना घाटी में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डामटा में आयोजित चार दिवसीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक विकास समारोह के तीसरे दिन खेल प्रतियोगिताओं का उत्साह के साथ आगाज हुआ।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान एवं श्याम डोभाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान आयोजक समिति, क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का ढोल-दमाऊं के साथ भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि डामटा क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में विकसित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने आयोजन की सराहना करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
तीसरे दिन डामटा खेल मैदान में महिला कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बाजपुर और हरियाणा की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बाजपुर की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि हरियाणा की टीम उपविजेता रही।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष बचन चौहान, जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी, अनिता नेगी, नारायण सिंह चौहान, विजय कुमार, सरदार राणा, दयाराम थपलियाल, कुशलनंद, पूरण सिंह, चमन चौहान, अनिल चौहान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
