जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
उत्तरकाशी नगर क्षेत्र में बंदरों द्वारा लगातार हो रहे हमलों और उत्पात से त्रस्त नागरिकों की सुरक्षा को लेकर नगरपालिका परिषद बाड़ाहाट के सभासदों ने आज वन विभाग के डीएफओ से मुलाकात की। सभासदों ने बंदर आतंक की गंभीरता से अवगत कराते हुए रोकथाम हेतु त्वरित कार्रवाई की मांग की। नगरपालिका सभासदों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएफओ को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया गया कि नगर क्षेत्र में बंदर राह चलते लोगों, खासकर बुजुर्गों और महिलाओं पर हमला कर रहे हैं स्कूली बच्चों और दुकानदारों को चोट पहुँचा रहे हैं विद्युत तार, छतों और वाहनों को नुकसान पहुँचा रहे हैं खाने-पीने की वस्तुओं और घरेलू सामान की तोड़फोड़ कर रहे हैं!सभासदों द्वारा मांग की गई है कि नगर क्षेत्र में वन विभाग की त्वरित टीम भेजी जाए एवं बंदरों को पकड़ने हेतु प्रशिक्षित कर्मी, जाल व अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएं!
सभासदों ने यह भी कहा कि यह सिर्फ वन्यजीव समस्या नहीं बल्कि नागरिक सुरक्षा और जनस्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है, जिसे टालना खतरे को न्योता देने जैसा है।
इस मुलाकात में वार्ड 01 से सुषमा डंगवाल,वार्ड 02 से अमरीकन पुरी ,वार्ड 03 से आदित्य चौहान, वार्ड 04 से मधु भट्ट, वार्ड 05 से महावीर डंगवाल, वार्ड 06 से संतोषी राणा, और वार्ड 09 से वंदना नौटियाल उपस्थित रहे। सभी ने एकमत से कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो नगर में जनआंदोलन की स्थिति बन सकती है।
डी एफ ओ ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वह शीघ्र ही संबंधित टीम को नगर क्षेत्र में भेजेंगे और समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नागरिकों ने सभासदों की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि नगर क्षेत्र को जल्द ही बंदर आतंक से राहत मिलेगी।