*बसुकेदार तहसील भवन निर्माण के लिए 12.26 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति, विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार*

 

मानेंद्र कुमार 

*रुद्रप्रयाग*

बसुकेदार तहसील भवन निर्माण के लिए 12 करोड़ 26 लाख की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। विधायक नौटियाल ने कहा कि बसुकेदार में तहसील भवन निर्माण की मांग क्षेत्रीय जनता द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। क्षेत्रवासियों की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने शासन स्तर पर लगातार प्रयास एवं पैरवी की। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अब इस मांग को वित्तीय स्वीकृति मिलने के साथ ही तहसील भवन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।

उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि से तहसील के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा। इससे तहसील परिसर में आवश्यक प्रशासनिक एवं आवासीय सुविधाओं का विकास होगा। बसुकेदार तहसील के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। तहसील से संबंधित कार्यों के निस्तारण में सुविधा होगी तथा प्रशासनिक व्यवस्थाएँ अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनेंगी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करना और केदारनाथ विधानसभा में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है।

क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य किरन देवी एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पवन कुमार ने तहसील भवन निर्माण की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं विधायक आशा नौटियाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तहसील भवन का निर्माण क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक साबित होगा तथा लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *