मौसम अपडेट :- उत्तराखंड में ऑरेंज-रेड अलर्ट, देहरादून समेत नौ जिलों के लिए भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो

उत्तराखंड

उत्तराखंड में बेहिसाब बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत नौ जिलों के लिए भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

जबकि, अन्य जिलों में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिले में भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बहुत भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। इनके अलावा अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है!

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 जून, 2025 को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का रेड अर्लट जारी किया गया है। सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि आपदा न्यूनीकरण के दृष्टिगत प्रदेश के कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाडी केन्द्रों में 30 जून, 2025 को एक दिन का अवकाश घोषित किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के शासकीय / गैर शासकीय एवं निजि स्कूलों के साथ सभी आंगनबाडी केन्द्र 30 जून, 2025 को बन्द रहेंगे।

लोगों को हिदायत देते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि इन स्थानों पर भारी से भारी बारिश होने की वजह से जलभराव, भूस्खलन होने के साथ नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में दिन के साथ रात के समय भी अधिक सतर्क रहें और नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें। इसके अलावा आवश्यक न हो तो पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने से बचें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *