परीक्षा परिणाम में मूल्यांकन त्रुटि की जांच नहीं हुई तो 22 से छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना

जयप्रकाश बहुगुणा

उत्तरकाशी,

रामचंद्र उनियाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी के छात्र-छात्राओं ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय पर परीक्षा परिणाम में गंभीर मूल्यांकन त्रुटियों का आरोप लगाते हुए जोरदार चेतावनी दी है। छात्रों का कहना है कि यदि 22 जुलाई 2025 तक पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो वे महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

छात्रों ने बताया कि बी एस सी छठे सेमेस्टर के हाल ही में घोषित परिणामों में टॉपर रहे छात्र भी फेल कर दिए गए हैं। यह न केवल मूल्यांकन में भारी चूक को दर्शाता है, बल्कि छात्रों के भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य के साथ भी अन्याय है।छात्रों ने यह भी बताया कि इस तरह की गड़बड़ियां पहले भी कई बार हो चुकी हैं। समय-समय पर मेल, ज्ञापन और शिकायतें भेजी गईं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्यवाही अब तक नहीं की गई।
छात्रों ने स्पष्ट कहा है कि यदि 22 जुलाई तक पुनः जांच कमेटी गठित कर उत्तरपुस्तिकाओं की जांच शुरू नहीं की गई, तो वे शांतिपूर्ण लेकिन उग्र आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे। इस पूरे मामले की एक प्रति जिलाधिकारी उत्तरकाशी को भी सौंप दी गई है।छात्रों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर न केवल परिणाम त्रुटि पर चर्चा की, बल्कि कॉलेज में व्याप्त अन्य शैक्षणिक समस्याओं को भी उठाया। छात्रों ने मांग की कि शैक्षणिक व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से चलाई जाएं!इस आंदोलन का नेतृत्व ॐ छात्र संगठन के छात्र नेता विनय मोहन चौहान द्वारा किया गया। संगठन के संस्थापक ने मौके पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं को भरोसा दिलाया कि संगठन छात्र हितों की लड़ाई में उनके साथ खड़ा है।संस्थापक ने प्राचार्य से भी वार्ता कर समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग रखी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कदम नहीं उठाए गए तो संगठन छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर धरना, उग्र प्रदर्शन या आमरण अनशन तक कर सकता है।ज्ञापन देने वालों में विनय मोहन चौहान,रोहित नेगी,शुभम चमोली,दिव्यांशी ,आदि छात्र छात्राएं मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *