
जयप्रकाश बहुगुणा
बड़कोट/उत्तरकाशी
नगरपालिका परिषद क्षेत्र बड़कोट में बुधवार को वाल्मीकि समाज के लोगों ने भव्य झांकी निकाली, झांकी नगर के विभिन्न मार्गो पर प्रदर्शित की गई!वाल्मीकि समाज की ओर से बुधवार को बड़कोट में महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के मुख्य मार्गों पर ढ़ोल नगाड़ों के साथ आकर्षक झांकी निकाली गई।
महर्षि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम का डायट गेट के पास नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल व उपजिलाधिकारी बृजेश तिवारी ने शुभारंभ किया। झांकी में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के साथ विभिन्न सांस्कृतिक झांकियां और करतब प्रदर्शित किए गए। झांकी का मुख्य आकर्षण मां काली का सजीव स्वरूप रहा, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इससे पूर्व मंगलवार को वाल्मीकि समाज की ओर से जयंती अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और सत्संग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसके बाद बुधवार को नगर क्षेत्र में भव्य झांकी निकाली गई। इस मौके पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जयनंद सेमवाल, पूर्व सरपंच अजय रावत, वार्ड सभासद रोहित रावत, मनोज, सुंदर, निर्देश व सुदेश, धर्मेंद्र, मंजीत, रणजीत सहित वाल्मीकि समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।