जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
ठंड के प्रकोप को देखते हुए जनपद प्रशासन ने आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के लिए प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, अस्पतालों तथा भीड़भाड़ वाले चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। तापमान में लगातार गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय खुले क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे राहगीरों, मजदूरों और असहाय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जनपद उत्तरकाशी के विभिन्न स्थानों सहित नगर पंचायत नौगांव, धौन्तरी बाजार,झाला, सुखी टॉप पर अलाव जलाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रशासन द्वारा नगर पालिका/नगर पंचायत और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शहर के संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही अलाव में प्रयुक्त लकड़ी की उपलब्धता और समय-समय पर निगरानी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे ठंड से राहत का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके।